रायपुर। महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सहायता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। विभाग ने ‘सखी वन स्टॉप सेंटर’ के राज्य में विस्तार तथा रायपुर में अतिरिक्त केंद्रों के संचालन को लेकर आधिकारिक विज्ञापन जारी किया है। यह विज्ञापन संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर के निर्देशानुसार प्रकाशित किया गया है।
जारी सूचना के अनुसार, राज्य के नवीन जिलों में ‘सखी’ वन स्टॉप सेंटर का विस्तार किया जाना है। इसके साथ ही रायपुर के शंकर नगर क्षेत्र में पूर्व से संचालित ‘सखी’ वन स्टॉप सेंटर में दैनिक कार्यों के संचालन हेतु सेवा प्रदाता एजेंसी का चयन किया जाएगा। यह चयन पूर्णतः मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जिससे पीड़ित महिलाओं को बेहतर, संवेदनशील और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवा प्रदाता का चयन महिला आवेदकों से किया जाएगा, जो व्यक्तिगत सेवा प्रदाता (Individual Service Provider) के रूप में कार्य करने में सक्षम हों। चयनित एजेंसी को ‘सखी’ केंद्र में आवश्यक सेवाएं, समन्वय एवं दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 22 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 5 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। इच्छुक और पात्र महिलाएं विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://sakhionestop.e-bharti.in/
पर जाकर आवेदन कर सकती हैं। विभाग ने महिलाओं से समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है। यह पहल राज्य में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
